तीरंदाज डेस्क। भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर की तबीयत फिर बिगड़ गई है। उन्हें दोबारा वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। 92 वर्षीय लता मंगेशकर पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें कोविड-19 संक्रमण भी हुआ था। हालांकि वह रिकवर कर रही थी वहीं इस बीच आज उन्हें फिर से वेंटीलेटर पर शिफ्ट किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार लता मंगेशकर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उनका मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। बीते 8 जनवरी को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से लेकर अब तक उनका इलाज किया जा रहा है। बीच में उनकी तबीयत में सुधार आया लेकिन शनिवार को फिर स्वास्थ्य बिगड़ने से उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है। लता मंगेशकर का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रतित समदानी लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं उन्होंने बताया है कि एक टीम लता मंगेशकर कि 24 घंटे निगरानी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इलाज के दौरान लता मंगेशकर के निधन की अफवाह भी उड़ गई थी। इसके बाद परिवार वालों ने लोगों से अपील की कि इस तरह की अफवाह ना फैलाएं।केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी लोगों से अपील की थी। लता मंगेशकर के स्वास्थ्य को लेकर फैंस लगातार दुआ कर रहे हैं। बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार लता मंगेशकर के स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
बता दें अपने सात दशक के लंबे करियर में, लता मंगेशकर ने कई भारतीय भाषाओं में 30,000 से अधिक गाने गाए हैं। लता मंगेशकर को सर्वोच्च भारतीय नागरिक सम्मान भारत रत्न, पद्म भूषण, पद्मविभूषण, दादा साहब फाल्के अवॉर्ड समेत दर्जनों पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। लता मंगेशकर एकलौती ऐसी गायिका हैं जिन्हें इतने सारे सम्मान मिले हैं। जब से उनका स्वास्थ्य खराब हुआ है तब से फैन्स लगातार उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।




































