जगदलपुर। नारायणपुर में सप्ताह भर पहले हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ में मारा गया युवक आम ग्रामीण निकला। पुलिस पहले इसे नक्सली बता रही थी जांच के बाद उस युवक की पहचान ग्रामीण के रूप में हुई है। दरअसल मुठभेड़ वाले दिन उक्त युवक भरमार बंदूक लेकर शिकार के लिए निकला था। इस दौरान हुई क्रास फायरिंग में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। बस्तर आईजी सुंदर राज पी ने इसकी पुष्टि की है।
बता दें 24 व 25 जनवरी की दरमियानी रात को पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर आई थी। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस ने युवक की पहचान एक नक्सली के रूप में की थी। इसके पास से एक भरमार बंदूक बरामद किया गया था।
मामले की जांच के बाद मारे गए युवक की पहचान मालू राम नारोटी के रूप में हुई जो घोटिया गांव का निवासी था। पुलिस ने बताया कि मोनू राममूर्ति अपने दो साथियों के साथ भरमार बंदूक लेकर शिकार के लिए निकला था। इस दौरान क्रास फायरिंग में मोनू राम को गोली लगी जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं इस दौरान उसके 2 साथी भाग निकले।
बस्तर आई जी सुंदरराज पी ने बताया कि शव मिलने के बाद युवक के संबंध में जांच पड़ताल की गई कहीं से भी युवक नक्सली होने की पुष्टि नहीं हुई है। मानू राम पास के गांव घोटिया गांव का निवासी है। कुछ दिन पहले ही वह भरंडा गांव में रहने आया था। आईजी ने बताया कि वह केवल जंगल में शिकार करने निकला था। इस दौरान गोली लगने से उसकी मौत हुई है। बताया जा रहा है कि जिस युवक की गोली लगने से मौत हुई उसने पुलिस में भर्ती होने के लिए फॉर्म भी भरा था। युवक बस्तर फाइटर्स में भर्ती होने वाला था।