मुंबई। भारत रत्न, स्वर कोकिला, फिल्म जगत संगीत की सम्राट लता मंगेशकर शरीर से भले ही इस दुनियां से विदा हो चुकी हैं, पर उनके गाए हजारों गीत दुनियां में चीर स्थाई है। उनकी स्मृति को स्थाई बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार ने एक और फैसला लिया है। अब लता मंगेशकर के नाम पर डाक टिकट जारी होगा।
बता दें कि संगीत जगत की मशहूर गायिका लता मंगेशकर का रविवार सुबह निधन हो गया। लता जी के निधन की खबर के बाद से देशभर में गम का माहौल है। उनके गानों को सुनने वाले हर व्यक्ति के लिए यह दिल तोड़ने वाली खबर रही। स्वर कोकिला के नाम से मशहूर लता जी के निधन पर जहां केंद्र सरकार ने दो दिवसीय राष्ट्रीय शोक का एलान किया है, तो वहीं कई राज्यों ने भी राजकीय शोक का एलान किया है।
इतना ही नहीं संगीत की दुनिया की महान गायिका लता मंगेशकर को अंतिम विदाई देने अलग-अलग क्षेत्र के कई कलाकार शामिल हुए। साथ ही आम लोगों का सैलाब भी उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ा।
इसी बीच अब भारत रत्न से सम्मानित दिवंगत गायिका लता मंगेशकर के सम्मान में सरकार ने डाक टिकट जारी करने का फैसला किया है। इस बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव इस कार्यक्रम के दौरान सोमवार को जानकारी दी।
संगीत की दुनियां की बेताज बादशाह देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर के निधन की खबर सुनते ही हर कोई हैरान रह गया। रविवार सुबह जिस किसी ने भी यह खबर सुनी उसके लिए इस पर विश्वास करना मुश्किल था। वहीं सुरों की मल्लिका की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए मनोरंजन जगत, राजनीति, खेल जगत समेत अलग-अलग क्षेत्र की कई हस्तियां शामिल हुई।
इतना ही नहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुद मुंबई के शिवाजी पार्क जाकर लता जी को श्रद्धांजलि दी। दुनिया को अलविदा कह चुकीं लता मंगेशकर का मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पीयूष गोयल, शाहरुख खान, रणबीर कपूर, शंकर महादेवन, जावेद अख्तर समेत कई कलाकार मौजूद रहे।
(TNS)