तीरंदाज डेस्क। रूस-यूक्रेन तनाव के बीच ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने दावा किया है कि 24 घंटे के अंदर रूस यूक्रेन पर पूर्ण हमला बोल देगा। यूक्रेन में बढ़ रही रूसी सेना की हलचल के बाद आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने यह दावा किया है। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया द्वारा रूस के खिलाफ कई पाबंदियों का एलान भी कर दया गया है।
आस्ट्रेलिया के पीएम मॉरिसन ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर हमले की रणनीति बना ली है। आने वाले 24 घंटों में रूस यूक्रेन पर बड़ा हमला कर सकता है। आस्ट्रेलिया के पीएम ने यह भी कहा है रूस द्वारा उठाया जा रहा कदम पूरी तरह अनुचित है और हम इसका विरोध करते हैं। आस्ट्रेलियाई पीएम ने रूस के खिलाफ प्रतिबंदों का भी एलान कर दिया है।
ऑस्ट्रेलियाई पीएम मॉरिसन ने कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूस के हमले के जवाब में तुरंत सरकार रूस पर प्रतिबंध लगाना शुरू कर देगी। पीएम मॉरिसन ने कहा कि हम हमारे प्रमुख भागीदारों अमेरिका और ब्रिटेन के साथ जोड़ेंगे। रूस ने यूक्रेन पर हमले की तैयारियां कर ली हैं और आने वाले 24 घंटों में कभी भी वह बड़ा हमाला करने की फिराक में है।
डोन्त्सक और लुहांस्क में रूस ने भेजे 10 हजार सैनिक
इधर बताया जा रहा है कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन अब तक यूक्रेन के दोनों शहर डोन्त्सक और लुहांस्क में अलगाववादियों की मदद के लिए 10 हजार से ज्यादा सैनिक भेज चुके हैं। यूक्रेन खुफिया विभाग का मानना है कि डोन्त्सक में पांच हजार तो लुहांस्क में भी पांच हजार सैनिक भेजे गए हैं। यही नहीं यूक्रेन के खार्किव शहर में भी रूसी फौज ने दस्तक दे दी है।
बताया जा रहा है कि 100 से ज्यादा मिलिट्री ट्रक और सैनिक खार्किव शहर पहुंच चुके हैं। खार्किव, यूक्रेन का दूसरा सबसे बड़ा शहर है और यह रूसी सीमा के सबसे नजदीकी शहर है। माना जा रहा है कि रूस के सैनिक सबसे पहले खार्किव शहर को ही टारगेट करेंगे।
इसके अलावा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन की सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने का निर्देश भी दिया है। साथ ब्लड स्टोरेज भी पर्याप्त मात्रा मे रखने का निर्देश दिया है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी रूस द्वारा की जा रही सैन्य तैयारियों की आलोचना की है।