जबलपुर। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के स्लीमनाबाद में एक बड़ा हादसा हो गया। शनिवार रात करीब साढ़े 12 बजे भूमिगत नहर की मिट्टी धंसने से नौ मजदूर दब गए। रविवार सुबह तक इनमें से छह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था और अंदर फंसे तीन मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है। हादसे की इसकी सूचना नर्मदा विकास प्राधिकरण के इंजीनियरों ने जिला प्रशासन को दी। इसके बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और एसपी सुनील जैन मौके पर पहुंचे।
बताते चलें कि बरगी व्यपवर्तन परियोजना की स्लीमनाबाद भूमिगत नहर की लागत 799 करोड़ रुपये और लंबाई 11.95 किमी है। इसके निर्माण को लिए मार्च 2008 में समझौता हुआ था और जुलाई 2011 तक इसे पूरा कर लिया जाना था। हालांकि, अब यह निर्माण कार्य जून 2023 तक पूरा होगा।
हादसे के बाद 30 फीट गहराई में मिट्टी भर गई, जिसके कारण मजदूरों के राहत एवं बचाव कार्य में खासी परेशानी आ रही है। रेस्क्यू टीम ने मिट्टी हटाने के लिए गड्ढा किया है, ताकि मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा सके। भूमिगत नहर के निर्माण के लिए टीवीएम मशीन से सतह से करीब 80 फीट गहराई में खुदाई चल रही थी।
मशीन के कुछ हिस्से में सुधार कार्य करने के लिए मशीन तक पहुंचने के लिए खेरमाई के पास कुआंनुमा गड्ढा खोदने का काम चल रहा था। करीब 25 फीट गहराई में खोदाई हो जाने के साथ उसे ईंट और सीमेंट से मजबूत किया जा रहा था।
इसी दौरान दो हिस्से धंसक गए। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री सहज श्रीवास्तव ने बताया कि गड्ढे के नीचे फंसे श्रमिक सुरक्षित हैं।