रायपुर। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को रायपुर पहुंचे। वे राजधानी रायपुर में केंद्रीय बजट पर आयोजित संगोष्ठी में भाग लेंगे। यहां वह केंद्रीय बजट में शामिल प्रावधानों सहित आम लोगों को इस से होने वाले फायदे गिनाएंगे। वह सुबह 11:00 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचे। इस मौके पर यहां भाजपा दिग्गज नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीडिया से चर्चा करते हुए राहुल गांधी पर पलटवार किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल के उस बयान की निंदा की जिसमें उन्होंने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी ने देश को दो भागों में बांट दिया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी 2014 से पहले के भारत की बात कर रहे हैं। वर्तमान में हमारा भारत एक है हमारा एक परिवार है।
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए कहा कि भारत का कोई भी नागरिक इस तरह का बयान नहीं दे सकता। हमारे देश की संस्कृति भाईचारे वाली संस्कृति है। हमारा देश कभी टूट नहीं सकता। राहुल गांधी का बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के पहले के भारत के बारे में रहा होगा। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में विकास दिखा है, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है, देश को विकास के नए आयाम दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि 2 दिन पहले साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य के समारोह में लोकसभा सांसद राहुल गांधी उपस्थित हुए थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि भाजपा की विचारधारा ने देश को दो भागों में बांट दिया है। अमीर और गरीबों का अलग-अलग देश हो गया है। यहां भाजपा की सरकार गरीबों का नहीं अमीरों का विकास कर रही है।
राहुल गांधी ने अपने प्रवास के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार के कार्य प्रणाली प्रणाली पर सवाल उठाए थे वहीं छत्तीसगढ़ सरकार के कामकाज की जमकर सराहना की थी। राहुल गांधी के उसी बयान की निंदा करते हुए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पलट वार किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया आज दोपहर 2:30 बजे आयोजित संगोष्ठी में केन्द्रीय बजट के फायदे बताएंगे।