तीरंदाज डेस्क। चीन से सटी भारतीय सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी लद्दाख में भारत तिब्बत सीमा पुलिस यानी आईटीबीपी (ITBP) संभालती है। यह इलाका दुनिया की उन चुनिंदा जगहों में से एक है, जहां इतनी ऊंचाई पर सेनाएं तैनात रहती हैं। इतनी ऊंचाई पर लोगों का चलना और काम करना ही अपने आप में मुश्किल होता है, लेकिन भारतीय सैनिक यहां न सिर्फ पूरी मुस्तैदी से तैनात रहते हैं, बल्कि दुश्मनों की किसी भी साजिश का मुंहतोड़ जवाब भी देते हैं।
ITBP के एक जवान का वीडियो सामने आया है, जिसमें 55 वर्षीय आईटीबीपी कमांडेंट रतन सिंह सोनल नजर आ रहे हैं। वीडियो लद्दाख में -30 डिग्री सेल्सियस तापमान पर 17,500 फीट की ऊंचाई पर बनाया गया है। रतन सिंह एक बार में 65 पुश-अप्स लगा रहे हैं (नीचे देखिए वीडियो)।
इस बीच, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की केंद्रीय पर्वतारोहण टीम ने 20 फरवरी को मुश्किल हालात में लद्दाख में माउंट करजोक कांगड़ी पर चढ़ाई की। यहां इन दिनों न्यूनतम तापमान -40 डिग्री सेल्सियस है। यह करजोक कांगड़ी पर्वत पर पहली चढ़ाई थी।
इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग हैरान हैं कि इतनी ऊंचाई पर और हड्डियों को जमा देने वाली ठंड में वह एक बार में इतने पुश-अप्स कैसे लगा सकते हैं। वहां ऑक्सीजन की मात्रा इतनी कम होती है कि सांस लेना भी मुश्किल हो जाए। मगर, यही तो भारतीय जवानों का हौसला है, उनका साहस है कि उन्होंने चाहे कितनी भी कठिन परिस्थितियां हो, अपने आप को उसके अनुसार ढालने के लिए लोहा बना लिया है।