धमतरी। जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मामला धमतरी जिले के भाखरा थाना क्षेत्र स्थित जुगदेही गांव का है। दो मासूमों की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली गांव में मातम पसर गया। सभी इस घटना से बेहद दुखी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के जुगदेही गांव के निवासी डोमन ध्रुव की 4 साल की बेटी खोमिया और खूब लाल यादव की 4 वर्षीय बेटी तनु यादव गुरुवार को खेलते खेलते तालाब में डूब गई। सुबह डूबी मासूमों के शव दोपहर बाद तालाब में तैरते दिखाइर दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए कुरुद भेजा गया।
बताया जा रहा है कि 4 साल के दोनों मासूम बच्चियां आपस में सहेलियां हैं। दोनों हमेशा साथ में खेलते थे। गुरुवार सुबह तनु के माता पिता काम पर चले गए इस दौरान घर पर उनकी बड़ी बेटी भी थी। वहीं खोमया के माता पिता अपने दूसरे बच्चे को लेकर अस्तपाल गए थे। इसके बाद खोमिया व तनू आपस में खेलने लगे। खेलते खेलते दोनों मासूम पास के शीतला तालाब की ओर चले गए और तालाब में उतर गए। इससे दोनों डूब गए।
इधर काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर तनु की बड़ी बहन ने उसे खोजना शुरू किया। उसका किहीं भी पता नहीं चला। कुछ देर बाद तनु की मां भी वापस लौटी। काफी तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चला। दोपहर दो बजे के बाद दोनों मासूमों के शव तालाब में तैरते दिखे। गांववालों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचने के बाद दोनों मासूमों के शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।