तीरंदाज, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को महिलाओं की सुरक्षा के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा बनाए गए ऐप अभिव्यक्ति को लॉन्च किया। पुलिस लाइन में आयोजित नववर्ष मिलन समारोह में शामिल हुए सीएम ने एप्प लॉन्च कर लोगों को समर्पित किया। इस ऐप की मदद से महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों में अंकुश लगाया जा सकेगा। इस मौके पर प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भी उपस्थित रहे।
इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुलिस लाइन पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया। पुलिस जवानों की ओर से मुख्यमंत्री बघेल व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को सलामी दी गई। पुलिस बैंड द्वारा राज्यगीत अरपा पैरी के धार.. का वादन किया गया। पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने मुख्यमंत्री व गृहमंत्री सहित प्रशासनिक अधिकारियों को पुष्पगुचछ भेंट किया। इसके बाद सीएम बघेल ने महिला सुरक्षा हेतु अभिव्यक्ति ऐप लॉन्च किया। इस ऐप की खासियत है कि SOS का बटन दबाते ही डायल 112 की टीम महिला तक पहुंच जाएगी। इस एप्प के जरिए आपात में महिला sos बटन दबाकर मदद मांग सकती है। ऐप के जरिए सीधे शिकायत भी दर्ज करा सकेंगी। इसके लिए उन्हें थाना जाने की जरूरत नहीं होगी। यही नहीं महिला अपनी सुरक्षा के संबंध में सुझाव भी दे सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान सीएम बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसान और जवान दोनों की जय-जय हो रही है। जवान अपना काम कर रहे हैं इसलिए हम चैन से सो पाते हैं। सीएम ने कहा कि कोरोना काल में कर्तव्यों के निर्वहन में अधिकारियों ने पूरे देश में मिसाल कायम की है। इसके लिए पुलिस परिवार बधाई का पात्र है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने आम लोगों का विश्वास हासिल किया है। पुलिस ने चुनौतियों का सामना किया और अपराधियों के मांद में घुसकर सफलता अर्जित की है। इस मौके पर सीएम बघेल ने कालीचरण महाराज की गिरफ्तारी को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस को बधाई दी है।
सीएम बघेल ने कहा कि जवानों की कुशलता को पूरे देश ने देखा। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि हमने चुनौतियों को स्वीकार किया और सफलता भी प्राप्त किया। चाहे वह बिलासपुर का अपहरण हो या भिलाई का अपहरण कांड, पुलिस ने उनकी मांद में घुसकर सफलता अर्जित की। सीएम बघेल ने कहा कि प्रदेश के बारे में चर्चा होती थी कि नक्सली दहशत से भरा है, यह सोच हमने बदली है, सभी का विश्वास जीता है, लोग अब नक्सली नहीं विकास की बात करते हैं। अब बस्तर के लोग विकास की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे हैं कि हमारे यहां सड़के, अस्पताल, स्कूल, पीडीएस दुकान, ट्यूबवेल जैसी सुविधाएं पहुंच रहीं हैं।
नक्सली समस्या सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक समस्या है। अब हम नक्सलियों के कोर सेक्टर में मौजूद हैं जिससे उनके हौंसले पस्त हुए हैं। विकास की किरणें प्रत्येक जगह पहुंच रही हैं, पुलिस को लोग दुश्मन नहीं दोस्त मान रहे हैं। सीएम बघेल ने कहा कि सुकमा का अधिकांश हिस्सा नक्सलियों से मुक्त हो चुका है पुल बनने से लोगों का आवागमन भी शुरू हो गया है। वनवासी लोगों के लिए पुलिस डाक्टर, शिक्षक, मित्र जैसे भूमिका में दिखाई दे रही है। सीएम बघेल ने कहा कि बिना खून बहाए नक्सलियों का सफाया हो, प्रदेश तरक्की करे यही हमारी सोच है।