रायपुर। राजधानी के महिला थाने में आज उस समय विचित्र स्थिति बन गई, जब पेशी पर आये दो पक्ष आपस में भिड़ गए। थाने में ही गिराकर मारपीट होने लगी। नजारा देख महिला पुलिस सकते में आ गई। किसी तरह दोनों पक्षों को हटाया गया। मारपीट में एक युवक को चोटें आईं। दोनों पक्षों में पारिवारिक विवाद चल रहा है और दोनों पक्ष सुनवाई के लिए थाने में उपस्थित हुए थे।
बताया जा रहा है कि शहर के देवांगन दंपती में पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसकी शिकायत महिला ने महिला थाने में दर्ज कराई थी। इसी मामले की सुनवाई के लिए आज दोनों पक्ष राजधानी के महिला थाने में उपस्थित हुए थे। यहां महिला के भाइयों का बहन के ससुराल पक्ष के लोगों को देखकर पारा हाई हो गया। भाइयों ने आव देखा न ताब और बहन के ससुरालियों पर टूट पड़े। थाने में ही मारपीट का नजारा देखकर महिला पुलिस भी भौचक हो गई। महिला सिपाहियों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार मारपीट में पीड़ित पक्ष को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भेजा गया है। वारदात के वक्त थाना प्रभारी भी मौजूद थीं। आरोपियों के नाम नागेन्द्र देवांगन, धनेश देवांगन और सरिता देवांगन बताए जा रहे हैं। जबकि पीड़ित पक्ष का नाम यशवंत देवांगन और राजेश देवांगन बताए जा रहे हैं।
(TNS)