राजनांदगांव। जिले के एक किसान के घर तीन आंखों वाले बछड़े ने जन्म लिया है। इसे देखने दूरदराज से लोग पहुंच रहे हैं। भगवान का चमत्कार मान कर लोगों ने बछड़े की पूजा शुरू कर दी है। भगवान शिव का रूप मानते हुए लोग बछड़े की पूजा कर रहे हैं, वहीं चढ़ावा भी चढ़ाया जा रहा है। यह बछड़ा राजनांदगांव जिले के गंडई में एक किसान के घर में पैदा हुआ, जिसकी चर्चा धीरे धीरे पूरे जिले में फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार गंडई की ग्राम पंचायत बुंदेली निवासी हेमंत चंदेल के घर मकर संक्रांति के दिन बछड़े ने जन्म लिया। बछड़े को देख किसान भी आश्चर्य चकित हो गया, क्योंकि उसकी तीन आंखें हैं। बछड़े के माथे के बीचोंबीच आंख के जैसा आकार दिख रहा है जो यहां कौतुहाल का विषय बना हुआ है। तीन आंख वाले बछड़े के जन्म की बात धीरे धीरे पूरे जिले में फैल गई। जिसे लोग चमत्कार मानने लगे हैं, और दूरदराज से लोग इस तीन आंखों वाले बछड़े को देखने पहुंचने लगे हैं। किसान के घर पर लोगों का जमावड़ा लग रहा है। यही नहीं लोगों ने बछड़े का पूजा पाठ भी शुरू कर दिया है।
बछड़े में और भी खास बातें
किसान के घर जन्मे बछड़े में तीन आंखों के अलावा कई और विशेषताएं हैं। जो लोगों के लिए आश्चर्य का विषय हैंं। दरअसल बछड़े के नाक में भी चार छिद्र हैं। उसकी पूंछ जटा के जैसे दिख रही। पूरी तरह लोग इस बछड़े को भगवान भोलेनाथ का स्वरूप मानने लगे हैं। वहीं किसान हेमंत चंदेल भी इसे देवी का आशीर्वाद मानकर पूजा पाठ कर रहे हैं। लोगों ने बछड़े को धार्मिक आस्था से जोड़ लिया है। वहीं जब पूरे घटनाक्रम की जानकारी पशु चिकित्सालय को मिली तो उन्होंने भी बछड़े को देखा। पशु चिकित्सकों ने बताया की भ्रूण विकसित नहीं होने के कारण इस तरह का बछड़ा पैदा हुआ है। हालांकि लोग इसे चमत्कार मान रहे हैंं, लेकिन चमत्कार जैसा कुछ नहीं है। कई बार ऐसा होता है भ्रूण विकसित ना होने पैदा होने के बाद स्वरूप बदल जाता है।