NEW DELHI. उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में गुरुवार को शीतलहर का प्रकोप चला। मगर, अगले पांच दिनों में शीतलहर के आसार नहीं दिख रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने यह जानकारी दी है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दक्षिण हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है।
ओडिशा, असम, मेघालय, और त्रिपुरा में 19 से 21 जनवरी के बीच सुबह और शाम के वक्त सुदूर इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान दो से पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने कहा कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत में शीत लहर के प्रभावित होने की कोई संभावना नहीं है। 20 जनवरी से 25 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में दस्तक दे सकता है। इसके प्रभाव में 20 से 22 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
वहीं, 23 जनवरी से 26 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। उत्तराखंड में मौसमी गतिविधियां कम देखने को मिलेंगी। 23 जनवरी को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 24 जनवरी राज्य के कई इलाकों में हल्के से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है और 25 जनवरी को इसमें फिर कमी दर्ज हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में 19 जनवरी से ऊंचाई व मध्य क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, 22 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे पूरे प्रदेश में भारी बर्फबारी होने की आशंका जताई गई है। विभाग की ओर से 22 से 25 जनवरी तक प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा।