बिलासपुर। जिले में एक कांग्रेस नेता के घर दिनदहाड़े डकैती की बड़ी वारदात हो गई। हेलमेट व मास्क लगाकर पहुंचे बदमाशों ने बंदूक की नोक पर पहले घर की महिलाओं को बंधक बनाया उसके बाद अलमारी तोड़कर नगदी व गहने लूटकर भाग निकले। यह सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर आईजी और एसपी सहित पुलिस की टीम पहुंची। मामले में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शहर से लगे मस्तूरी क्षेत्र का है। टाकेश्वर पाटले यहां कांग्रेस के जिला सचिव हैं। गुरुवार दोपहर 11:00 बजे के आसपास की घटना बताई जा रही है। जब यह वारदात हुई तब कांग्रेस नेता टाकेश्वर पाटले घर पर नहीं थे। पुलिस के अनुसार घर की महिलाओं ने बताया कि लगभग 8 से 9 लोग हेलमेट मेंव मास्क लगाकर घर में तेजी से घुसे। बंदूक दिखाकर धमकाया और अलमारी की चाबी मांगी। महिलाओं ने अलमारी की चाबी नहीं दी तो बदमाशों ने अलमारी के दरवाजे ही तोड़ दिए। गहने और नगदी लेकर भाग गए। पुलिस के अनुसार घर की महिलाओं ने बताया कि अलमारी में करीब ढाई लाख रुपए कैश और 5 से 6 लाख के गहने रखे हुए थे जिसे बदमाश लूट कर ले गए।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। आईजी रतनलाल डांगी व एसपी पारुल माथुर सहित स्थानीय थाने के टीआई व अन्य पुलिसकर्मी वारदात की जगह पहुंचे। पूरे कमरे की जांच की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले ग। जिसमें तीन बाइक पर सवार संदिग्ध नजर आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने जिले के आउटर क्षेत्रों में नाकेबंदी भी कर दी है। वहीं इस मामले में पुलिस कांग्रेसी नेता के लेन देन की भी जांच कर रही है। कांग्रेसी नेता टाकेश्वर पटेल प्रॉपर्टी डीलिंग के काम में शामिल है जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि लेनदेन का विवाद हो सकता है, जिसके कारण यह घटना घटी हो। फिलहाल पुलिस आरोपियों का पता लगाने में लगी हुई है।