RAIPUR. छत्तीसगढ़ में लूट की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं, ताजा मामला राजधानी रायपुर का है। यहां एक कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर की आँखों में मिर्ची का पाउडर डालकर लुटेरों ने 85 हजार रूपए लूट लिए। फिलहाल पुलिस पीड़ित का बयान दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
मामला राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। यहां कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर रमाकांत सोनी देर रात डूमतराई से अपने घर भनपुरी जा रहे थे, इसी दौरान हाईवे में लुटेरों ने उनके गाड़ी को टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद पैसों से भरा बैग जिसमें 85 हजार रूपए थे, उसे लूटने की कोशिश करने लगे। जब रमाकांत पैसे वाले बैग को नही छोड़ रहा थे। तब लूटेरों ने मैनेजर रमाकांत के आँख में मिर्ची का पाउडर डाल दिया। इसके बाद बैग से रमाकांत का हाथ छुड़ाकर बैग लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज में रमाकांत काफी समय से काम करता था। साथ ही अक्सर दिनभर का हिसाब-किताब करके पैसे लेकर बैंक में जमा करने का काम भी करता था। उस दिन भी वह अपने घर 85 हजार रूपए लेकर घर जा रहा था। जिसे लुटेरों ने लूट लिया। इसके बाद पीड़ित रमाकांत ने सिविल लाइन थाने में जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है, जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा।