BILASPUR. न्यायधानी बीते रविवार कला और साहित्य के सतरंगी रंग में डूब गई। श्री सांईनाथ फाउंडेशन द्वारा आयोजित रंग-संगीत के पहले चेप्टर का शुभारंभ बिलासपुर से ही हुआ। आयोजकों में अंजली म्यूजिक मैट्रिक्स अकादमी व श्री कला मंजरी कथक संस्थान भी शामिल रहा। नृत्य्र, साहित्य, संगीत और संगत का मिश्रण रंग-संगीत अपने उद्देश्य के अनुरूप श्रोताओं और दर्शकों के लिए मनमोहिनी साबित हुआ। यहां लोगों को न केवल नृत्य, संगीत और साहित्य उत्कृष्ठ दर्जे का देखने और सुनने मिला, बल्कि व्यवस्थाओं ने भी प्रभावित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत नृत्य से हुई। स्वागत नृत्य बिलासपुर की युवा कलाकार उदिता चक्रवर्ती ने प्रस्तुत कर कार्यक्रम का रंग जमा दिया। इसके बाद युवा कवयित्रियों ने काव्यपाठ किया। कटनी की प्रियंका मिश्रा ने क्रांतिकारी काव्यपाठ कर श्रोताओं को रोमांचित कर दिया। इसके बाद नागपुर की श्रद्धा शौर्य ने अपनी रचनाओं से हिंदुत्व की अलख जगा दी। बिलासपुर की संस्कृति सिंह ने शिव आराधना से माहौल को धर्ममय बना दिया। बिलासपुर की ही आकांक्षा द्विवेदी ने भावुक कविताएं प्रस्तुत कीं।
इसके बाद शास्त्रीय जुगलबंदी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराइयों में श्रोताओं को गोते लगवाए। इसमें देश के वरिष्ठ संगीत साधक आगरा के पंडित देबाशीष चक्रवर्ती ने क्लासिकल गिटार, आगरा के ही युवा संगीत साधक देबादित्य चक्रवर्ती ने सितार पर मुग्ध करने वाली प्रस्तुति दी। कोलकाता के सुदीप चैटर्जी ने तबले पर शानदार संगत की। उप शास्त्रीय गायन में बिलासपुर की श्रद्धा मंडल और उनकी टीम ने अपनी खूबसूरत आवाज़ व गायकी से पूरे समय तक दर्शकों को बांधे रखा।
कथक नृत्य शृंखला में वरिष्ठ नृत्यंगना रायपुर की डॉ. अनुराधा दुबे ने राधा कृष्ण पर आधारित एकल नृत्य नाटिका की नयनाभिराम प्रस्तुति दी। बिलासपुर की डॉ. प्रिया श्रीवास्तव ने सूफी कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। इसके अलावा बिलासपुर की अपूर्वा सिंह, वंशिका शर्मा, श्रेष्ठा वर्मा एवं श्रुति मुखर्जी ने अविस्मरणीय प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि
श्रद्धा पाण्डेय, अध्यक्ष सैकरो (रेलवे) बिलासपुर
विशेष अतिथि
पंडित देबाशीष चक्रवर्ती, वरिष्ठ संगीत साधक, आगरा
मयंक चतुर्वेदी, संस्थापक तीरंदाज मीडिया समूह भिलाई
सुमीत कुमार कामिला, अध्यक्ष अम्मा, बिलासपुर
रश्मि लता मिश्रा, वरिष्ठ साहित्यकार, बिलासपुर
संदीप कुमार दास, वरिष्ठ अधिकारी एसईसीएल, बिलासपुर
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदेश के युवा लेखक आशीष राज सिंघानिया व आकाशवाणी में वरिष्ठ उद्घोषिका अंतरा चक्रवर्ती द्वारा किया गया। स्वागत भाषण नृत्य गुरु रितेश शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया। तीरंदाज मीडिया समूह, सरस्वती बुक्स, धिति वेलफेयर फाउंडेशन, कम्युनिटी किचन, अरहम पीआर, द लाफिंग फॉक्स आदि ने आयोजन सहयोगी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।