DURG. इस वक्त छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां दुर्ग जिला पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं इसमें कांग्रेस की महिला नेत्री को जीत मिली है। इसका ऐलान भी कर दिया गया है।
दुर्ग जिला पंचायत में पंचायत दुर्ग के अध्यक्ष पद के लिए आज चुनाव संपन्न हुआ। इसके लिए पुष्पा भुनेश्वर यादव और हर्षा लोकमणी चंद्राकर के बीच अध्यक्ष पद के लिए भिड़ंत हुई। चुनाव में 11 जिला पंचायत सदस्य ने अपने मताधिकारी का इस्तेमाल किया। इसमें सात सदस्यों ने पुष्पा यादव को वोट दिए। जबकि चार सदस्यों ने अपना वोट हर्षा चंद्राकर को दिए। इस तरह दुर्ग जिला पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए पुष्पा भुवनेश्वर यादव ने जीत हासिल कर लिया। पीठासीन अधिकारी द्वारा पुष्पा भुवनेश्वर यादव के अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की घोषणा की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री और दुर्ग ग्रामीण के विधायक ताम्रध्वज साहू, दुर्ग की अपर कलेक्टर पद्मनी भोई, प्रवीण वर्मा, अभय सिंह, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, चरोदा भिलाई के महापौर निर्मल कोसरे, अमन सिंह व अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के साथ ही कांग्रेस तथा भाजपा के नेता उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि बीते दिनों दुर्ग जिला पंचायत की अध्यक्ष शालिनी यादव का आकस्मिक निधन हो गया। शालिनी यादव के निधन के बाद दुर्ग जिला पंचायत में अध्यक्ष का पद खाली था और निर्वाचन की प्रक्रिया को आज पूरा कर नए अध्यक्ष का चुनाव भी कर दिया गया है।