सुकमा। जिले मैं तैनात नागालैंड के जवान ने बीती रात बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। आत्महत्या का कारण पता नहीं चला है। मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला। सुकमा पुलिस आत्महत्या के कारण का पता लगा रही है। मृतक जवान नागालैंड के दीमापुर का निवासी बताया जा रहा है। जवान की हाल ही में पोस्टिंग हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार सुकमा जिला के चिंता गुफा थाना के अंतर्गत नक्सल प्रभावित क्षेत्र में कोबरा 206 ए कंपनी में तैनात इंस्पेक्टर वाले वलंग ने गुरुवार रात कोआत्महत्या कर ली। नागालैंड के दीमापुर में रहने वाले वलंग की हाल ही में सुकमा पोस्टिंग हुई थी। इनकी पोस्टिंग 7 दिसंबर को सुकमा के बुरकापाल कोबरा 206 ए कंपनी में हुई थी। इनकी आत्महत्या को लेकर कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।
साथी जवानों ने पुलिस को बताया कि शाम तक सामान्य माहौल था। रात 8:00 बजे करीब वलंग बाथरूम गए और उसके बाद वापस नहीं निकले। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर साथी जवानों ने आवाज लगाई लेकिन अंदर से कोई हलचल नहीं थी। फिर जवानों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा तो अंदर लोहे के पाइप में गमछे के फंदे से वलंग लटके हुए थे। वलंग को फंदे से लटकता देख जवानों ने अन्य अफसरों के साथ सुकमा जिले के एसपी को इसकी सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने के बाद जवानों ने शव को फंदे उतार लिया। शुक्रवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके गृह शहर दीमापुर नागालैंड भेज दिया गया। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है। वलंग को लेकर साथी जवानों से पूछताछ की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। साथी जवान कह रहे हैं कि सबकुछ सामान्य था अचानक हुई इस घटना से वे भी स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।