बिलासपुर। यहां एक मदरसे के मौलाना पर 10 साल की मासूम से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मौलाना के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वहीं मौलाना की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी थाने पहुंची और जमकर हंगामा किया। मौलाना की पत्नी का कहना है कि छेड़खानी का आरोप गलत है। बच्ची को पढ़ाई के नाम पर डांटकर पिटाई करने पर छेड़खानी का आरोप लगा रहे हैं।
सिविल थाना बिलासपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक तालपारा के रमजानी बाबा मस्जिद के पास मो बसीर का निवास है। मो बसीर मदरसे में बच्चों को पढ़ाता है। मदरसे के अलावा बसीर घर पर भी बच्चों को बुलाकर पढ़ाता है। पुलिस ने बताया कि बच्ची से छेड़खानी की घटना शनिवार की है। बच्ची के परिजनों का आरोप है कि मो बसीर उनकी बच्ची को बुरी नीयत से छूता था। बच्ची से इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी थी। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और मौलाना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौलाना के खिलाफ धारा 354 व पाक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इधर मौलाना की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी थाने पहुंची और उनके पति पर झूठा आरोप लगाने का दावा किया। पत्नी ने पुलिस को बताया कि बच्ची को पढ़ाई न करने पर उनके पति ने समझाइश देते हुए मारा था। इसे लेकर बच्ची के परिजनों ने उनके पति से मारपीट भी की थी। पत्नी का कहना है अब वे उनके पति पर छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे हैं जो कि झूठा है।