
फलों के राजा आम का सीजन चल रहा है। ऐसा शायद ही कोई होगा, जिसे आम न पसंद हों। हर घर में आम खाए जा रहे हैं या मैंगो शेक बन रहा है। अगर आप भी आम के शौकीन हैं, तो हम आपको इसकी एक नई रेसेपी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसको खाने के बाद हर कोई वाह-वाह करेगा।
आप घर पर ही अपनी स्वादिष्ट रेसिपी बना सकते हैं, जिसे बनना बहुत आसान है। वैसे तो आप अपने आप में ही काफी मीठा होता है, लेकिन आप चाहें तो इसमें चीनी की जगह गुड़ डालकर इसके टेस्ट को और भी बेहतर बना सकते हैं। तो देर किस बात की, जानते हैं कैसे बनाते हैं मैंगो बर्फी बनाने के लिए आपको क्या चाहिए और कैसे बनाना है इसे…
मैंगो बर्फी बनाने की सामग्री-
1 कटा हुआ आम
1 कप चीनी या गुड़
1/2 कप दूध
2 कप नारियल पाउडर
मैंगो बर्फी बनाने की विधि
ब्लेंडर में कटा हुए आम और 1/2 कप दूध डालें। एक चिकना पेस्ट बनाने के लिए ब्लेंड करें। आम के पेस्ट को एक पैन में निकाल कर मध्यम आंच पर रख दें। चीनी या गुड़ आपको जो भी पसंद हो, इसमें उसे मिला लें और पूरी तरह से घुलने तक इस घोल को हिलाते रहें।
अब नारियल पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाएं। लगभग 20 मिनट तक पकाएं और इस दौरान घोल को चमचे से हिलाते रहें, ताकि यह पैन में चिपके नहीं। आपको इस घोल को तब तक पकाना है, जब तक यह आकार में न आ जाए और पैन के सभी किनारों को छोड़ दे।
अब इस मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। बटर पेपर से ढके सांचे में डालें। इसे समान मोटाई के साथ डालकर बर्फी के शेप में फैलाएं। इसे लगभग 30-40 मिनट तक ठंडा होने के लिए रख दें। थोड़ा सख्त होने के बाद इसे मोल्ड से बाहर निकालें और चौकोर टुकड़ों में काट लें। अब आपकी मैंगो बर्फी खाने के लिए तैयार है और खाने वाले आपकी वाहवाही करने के लिए।
