तीरंदाज, डेस्क। गुजरात में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक प्रिटिंग मिल में सुबह सुबह गैस लीक होने से 6 मजदूरों की मौत हो गई है। वहीं 20 से ज्यादा लोग गंभीर हैं। गंभीर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि मिल के पास टैंकर से गैस रिसाव के कारण यह हादसा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार विश्व प्रेम डाइंग एंड प्रिंटिंग मिल के पास केमिकल से भरा टैंकर खड़ा था। इसका एक पाइप ड्रैनेज लाइन में डाल दिया गया था। कैमिकल रिएक्शन के कारण गैस निकलना शुरू हो गया। इससे निकलने वाली गैस काफी जहरीली बताई जा रही है। इस गैस की चपेट में वहां काम कर रहे कर्मचारी आ गए। जहरीली गैस के कारण 6 लोगों की मोत हो गई। वहीं 20 से ज्यादा गंभीर स्थिति में हैं। इन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गैस लीक होने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि गैस रिसाव के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल विभाग की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच में हादसे का कारण जहरीली गैस को ही माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।