भिलाई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। सुपेला थाने में 6 जनवरी को इस मामले में अपराध दर्ज किया गया था। आरोपी मॉडल टाउन निवासी संतोष ठाकुर नाम का व्यक्ति है जिसने फेसबुक पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी। अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार पुलिस को छका रहा था। आखिरकार रविवार सुबह वह पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294 और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन सुपेला निवासी संतोष कुमार ठाकुर ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट की थी। इस दौरान आरोपी ने सीएम बघेल के खिलाफ कई आरोप भी लगाए थे। इस मामले में सुपेला पुलिस के पास शिकायत पहुंचने पर मॉडल टाउन निवासी उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपी संतोष ठाकुर लगातार पुलिस को छकाता रहा। 6 जनवरी को मामला दर्ज होने के बाद जब भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने उसके घर पर जाती थी तो वह फरार मिलता था। बताया जा रहा है कि आरोपी परिवार से मिलने आता और जैसे उसे पुलिस के आने की भनक लगती तुरंत वहां से भाग जाता था।
सुपेला पुलिस ने बताया कि 7 जनवरी को पुलिस को खबर मिली कि वह अपने घर पर ही है। इसके बाद जैसे एक टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो वह वहां से भाग गया। इसके बाद लगातार पुलिस की टीम उसे खोजती रही और उसके पीछे मुखबिरों को भी लगा दिया गया था। रविवार सुबह वह अपने परिवार से मिलने पहुंचा। इस दौरान ताक पर बैठी पुलिस ने फौरन दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सुपेला पुलिस ने आरोपी संतोष ठाकुर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।