Shyopur. मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीते शनिवार को पहुंच गए। इसके साथ ही अब यहां चीतों की कुल संख्या 20 हो गई है, जिसमें 10 नर और 10 मादा हैं। इससे पहले पिछले साल सितंबर में 8 चीते नामीबिया से लाए गए थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव व नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में इन चीतों को बाड़े में रिलीज किया।
चीतों को दक्षिण अफ्रीका से विशेष विमान के जरिये शनिवार सुबह ग्वालियर एयरबेस पहुंचाया गया। यहां से इन्हें सेना के 4 हेलिकॉप्टर के जरिए 165 किमी दूर श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क पहुंचाया गया। इस खेप में 7 नर और 5 मादा चीते आए हैं, जबकि इससे पहले आए 8 चीतों में से 5 मादा और 3 नर चीते थे।
EXCLUSIVE | VIDEO: Indian Air Force Boeing C-17 Globemaster to take off shortly from South Africa. The aircraft is expected to reach Gwalior on Saturday. The Cheetahs will then be taken to Kuno National Park in helicopters. pic.twitter.com/oRCNVfCZ6P
— Press Trust of India (@PTI_News) February 17, 2023
इस प्रोजेक्ट से जुड़े दक्षिण अफ्रीका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को इसे सार्वजनिक भलाई का प्रोजेक्ट बताया। दक्षिण अफ्रीका के वानिकी, मत्स्य पालन और पर्यावरण विभाग में जैव विविधता और संरक्षण उप महानिदेशक फ्लोरा ने कहा कि खुशी की बात है कि भारत चीतों की संख्या बढ़ाना चाहता है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका में हुए MoU के मुताबिक दक्षिण अफ्रीका से हर साल 10 से 12 चीते अगले 10 सालों तक देश में लाए जाएंगे, ताकि इनकी पर्याप्त संख्या यहां रह सके। भारत द्वारा चीतों को दक्षिण अफ्रीका वापस भेजने की संभावना पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत में चीतों की संख्या बढ़ेगी। तब हम भारत से कुछ चीतों को वापस लेने की बात कह सकते हैं।
चीतों के लिए 10 क्वारंटीन बाड़े बनाए गए हैं
फिलहाल इस चीतों को क्वारंटीन बाड़ों में रखा जाएगा। कूनो नेशनल पार्क के निदेशक उत्तम शर्मा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी चीतों के लिए 10 क्वारंटीन बाड़े बनाए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय मानकों के तहत 1 महीने तक इन चीतों को कूनो नेशनल पार्क में क्वारंटाइन में रहना होगा।