DURG. दुर्ग पुलिस लगातार नशे के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बीती दोपहर फ्लैग मार्च निकालकर शरारती तत्वों से अवैध काम न करने और हुड़दंग न मचने की अपील भी की थी। इसके साथ चेतावनी भी दी थी कि यदि कोई ग़लत काम या हुड़दंग मचाता दिखा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने पुलिस वालों को भी चेतावनी दी है कि यदि होली के दिन कोई भी वर्दीधारी पुलिसकर्मी नशे में दिखा तो उसे फ़ौरन ससपेंड कर दिया जाएगा। इतनी चेतावनी के बाद भी गांजा तस्कर भारी मात्रा में आज गांजा खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने उन्हें 70 किलो गांजा के साथ धर-दबोजा है।
मामला दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है।यहां होली के दिन पुलिस द्वारा सतर्क और सचेत रूप से ड्यूटी किया जा रहा है। इसी बीच 70 किलो गांजा खपाने की फिराक में लगे 2 आरोपियों को पद्मनाभपुर पुलिस ने धर-दबोचा है। पुलिस के अनुसार होली के त्यौहार को देखते हुए ये तस्कर एक ही दिन में इतनी भारी मात्रा में गांजे को खपाने की फिराक में थे।
होली त्यौहार को मद्देनजर रखते हुए पुलिस वाहन चेकिंग व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही है। इस दौरान देखा गया कि मातृछाया फेस-2 धनोरा के पास रोड में एक सफेद रंग की बिना नंबर की एक्टीवा वाहन में दो व्यक्ति आ रहे थे। वहीं चालक अपने सामने दो भरी हुई प्लास्टिक की बोरी रखा हुआ था, साथ ही गाड़ी के पीछे बैठा व्यक्ति एक भरी हुई प्लास्टिक बोरी पकड़कर बैठा हुआ था। इन बोरियों को जब चेक किया गया तो इसमें 70.25 किलोग्राम गांजा भरा हुआ मिला। वहीं पुलिस ने तस्कर के पास से नगदी रकम 21000 रू एवं बिना नंबर की एक्टीवा वाहन जब्त की है। आरोपी का नाम तालपुरी निवासी जितेंन्द्र साहू बताया जा रहा है, वहीं दूसरे आरोपी का नाम रूआंबांधा निवासी श्रीकांत बताया जा रहा है। इनके विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट की कार्यवाही कर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया ।
दुर्ग पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। उसी अभियान के तहत पुलिस ने आरोपियों को धार दबोचा है। पुलिस ने होली की शिभकामनाएं देते हुए कहा है कि हारेगा नशा, जीतेगा दुर्ग। सुरक्षित एवं स्वच्छ होली की सभी को शुभकामना।