कांकेर। जिले के बांधा थाना क्षेत्र में 26 साल पुराने एक मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। 16 साल की उम्र में आरोपी ने अपने साथी के साथ युवती का अपहरण कर दुष्कर्म किया और उसे बेच दिया था। केस दर्ज होने के बाद वह फरार था। 42 की उम्र में वह अपनी मां से मिलने पहुंचा और पुलिस की गिरफ्त में आ गया। खास बात यह है इस केस में दूसरा आरोपी अपनी सजा पूरी कर चुका है।
दरअसल यह पूरा मामला 26 साल पुराना है। बांधा थाना पुलिस ने बलराम व्यापारी नाम के शख्य को अपहरण व दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया है। शख्स के खिलाफ 26 साल पहले अपहरण व दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। तब से फरार था। इस दौरान व लगातार पुलिस की आंखों में धूल झोंकता रहा। जबकि इस मामले में उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया था जिसकी सजा भी पूरी हो गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी बलराम व्यापारी ने 16 साल की उम्र में अपने साथी के साथ मिलकर 26 साल की युवती का अपहरण कर लिया था। दोनों युवती को प्रदेश के बाहर लेकर गए और उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद आगरा में किसी के पास बेच दिया था। युवती किसी तरह छूटकर कांकेर पहुंची और पुलिस थाने में दोनों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी।
अलग अलग शहरों में छिप रहा था आरोपी
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया जिसे जेल भी भेज दिया गया था। वहीं बलराम फरार हो गया। इसके बाद वह अब तक अलग अलग शहरों में छिपकर फरारी काटता रहा। जहां काम मिलता वहां काम करता और वहीं रह रहा था। रविवार रात को वह अपनी मां से मिलने पहुंचा था। इस दौरान पुलिस को खबर लगी और उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दो स्थाई वारंट भी जारी किए थे।