तीरंदाज, जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। वह पति के साथ शादी में शामिल होकर घर लौट रही थी। इस दौरान तीन युवकों ने उसका पीछा किया और रास्ते में ओवरटेक कर उसे रोक लिया। तभी तीनों आरोपियों ने महिला के पति के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया।
इसके बाद महिला को जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी एसआर भगत ने बताया कि पीड़ित दंपति 28 अप्रैल को बगीचे में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। आरोपी सुभाष टोप्पो दो नाबालिगों के साथ बाइक पर उनका पीछा करने लगा।
दंपती की बाइक जैसे ही जंगल के सुनसान इलाके में पहुंची तो आरोपियों ने बाइक को ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। आरोपी महिला को जंगल में ले गया और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और फरार हो गया। पहले दो दिनों तक दंपति सदमें में रहे और पुलिस में शिकायत करने की हिम्मत जुटाते रहे। वारदात के बाद पति-पत्नी ने 30 अप्रैल को गार्डन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धारा 376 और 34 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीम भेजी गई। पहले कुछ लोगों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में मुख्य आरोपी सुभाष टोप्पो का नाम सामने आया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ ही दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों नाबालिगों को बाल संचार गृह भेज दिया गया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।