भिलाई। नगर निगम भिलाई के शपथ ग्रहण समारोह की तिथि तय हो गई है। 6 जनवरी को भिलाई निगम के पार्षदों के शपथ ग्रहण के अलावा महापौर व सभापति के साथ अपील समिति का चुनाव होना है। एक ओर शपथ ग्रहण की तारीख तय हो गई है तो दूसरी ओर निगम के पार्षद पिकनिक पर जा चुके हैं। इधर शहर में महापौर व सभापति को लेकर कयासों और चर्चाओं का दौर जोरों पर है। आप भी जानें मेयर और सभापति को लेकर क्या चर्चायें हैं।
बता दें कि भिलाई निगम के चुनाव के बाद कांग्रेस के 37 पार्षद चुनकर आए हैं। इस तरह भिलाई निगम में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है। मतगणना के बाद से ही भिलाई निगम के सारे पार्षद गायब हैं। शुरुआती 2 दिन रायपुर में बिताने के बाद 1 दिन के लिए वापस आए विजय जुलूस निकाला फिर वापस चले गए। राजधानी पहुंचने के बाद भिलाई निगम के पार्षदों को प्रदेश कांग्रेस ने टूर पर ओडिशा स्थित भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी भेज दिया है। भिलाई निगम के पार्षद फिलहाल पुरी में पिकनिक मना रहे हैं।
भिलाई निगम महापौर को लेकर नए पार्षदों व पुराने दिग्गजों में दौड़ है। एक ओर जहां कहा जा रहा है कि इस बार महापौर ऐसे चेहरे को बनाया जाए जो वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का गड्ढा पाट सके। वहीं कुछ का मत है कि वरिष्ठ और अनुभवी पार्षद को ही महापौर की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। पार्टी में तो महापौर मंथन चल ही है, इधर जनता में भी कुछ इस तरह की चर्चा और तर्क चल हैं।
चर्चा-1 : संदीप निरंकारी
पहली बार नगर निगम के पार्षद का चुनाव लड़ने वाले संदीप निरंकारी ने वार्ड-5 से बड़ी जीत दर्ज की है। पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी के पुत्र हैं। महापौर के दावेदारों की रेस में हैं। बताया जा रहा है कि संदीप निरंकारी के लिए दिल्ली से लॉबिंग की जा रही है। लेकिन चर्चा ये भी है कि अगर इन्हें मेयर बनाया जाता है तो भिलाई में कांग्रेस का एक नया गुट सक्रिय जाएगा।
चर्चा-2 : आदित्य सिंह
वार्ड क्रमांक-7 राधिका नगर से बड़ी जीत दर्ज करने वाले आदित्य सिंह पहली बार पार्षद बने हैं। दावा किया जा रहा है कि वैशाली नगर विधानसभा को साधने के लिए महापौर के रूप में आदित्य सिंह सबसे बेहतर हैं। क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। आदित्य के चाहने वालों का तर्क है कि रिसाली में मेयर पद ओबीसी के लिए आरक्षित है, ऐसे में भिलाई में मेयर का पद सामान्य वर्ग के खाते में जाएगा। चूँकि वैशाली नगर में कांग्रेस कमजोर है, इसलिए वैशाली नगर विधानसभा के किसी वार्ड से चुनकर आए पार्षद को मौका मिलेगा। ऐसे में आदित्य की दावेदारी मजबूत है।
चर्चा-3 : एकांश बंछोर
वार्ड क्रमांक-59 सेक्टर-5 पश्चिम से बड़ी जीत दर्ज करने वाले एकांश बंछोर भी महापौर की रेस में है। इन्हें लेकर कहा जा रहा है कि सीएम भूपेश बघेल के पसंदीदा हैं और उन्हीं के कहने पर चुनाव मैदान में उतरे। एकांश के समर्थकों का दवा है कि उन्हें चुनाव ही मेयर बनाने के लिए लड़ाया गया है। एकांश सीएम बघेल के ओएसडी मनीष बंछोर के भतीजे भी बताये जा रहे हैं। उनके समर्थकों का मानना है कि एकांश ही मेयर होंगे, बस औपचारिकतायें बाकी हैं।
चर्चा-3 : नीरज पाल
महापौर की रेस में एक नाम वार्ड-60 सेक्टर-5 पूर्व से पार्षद नीरज पाल का भी है। नीरज पाल वरिष्ठ होने के साथ अनुभवी भी हैं। नीरज के समर्थक उन्हें महापौर से ज्यादा सभापति के रूप में देख हैं। कुल मिलाकर नीरज के समर्थक इस बात को लेकर निश्चिन्त हैं कि उनका मेयर नहीं तो सभापति बनना तय है।
चर्चा-4 : सुभद्रा सिंह
वार्ड क्रमांक-64 सेक्टर-10 से पार्षद बनी सुभद्रा सिंह महापौर के लिए एकमात्र महिला चेहरा हैं। इस बार निगम में महापौर पद अनारक्षित है, इसलिए सामान्य वर्ग की सुभद्रा सिंह इस गणित में पूरी तरह से फिट बैठती हैं। समर्थकों का तर्क है कि उत्तर प्रदेश में प्रियंका गाँधी वाड्रा ‘लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ’ अभियान चला रही हैं। सीएम बघेल प्रियंका गाँधी वाड्रा के करीबी हैं, इसलिए सीएम प्रियंका के अभियान को आगे बढ़ाते हुए सुभद्रा को मेयर की कुर्सी दे सकते हैं।
चर्चा-5 : लक्ष्मीपति राजू
वार्ड-66 सेक्टर-7 से जीत दर्ज करने वाले लक्ष्मीपति राजू कांग्रेसी पार्टी के वरिष्ठ पार्षदों में शामिल हैं। कुछ लोग राजू को महापौर बनाये जाने का दावा कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि राजू को महापौर बनाने के लिए अंदरखाने फील्डिंग जमाई जा रही है।
चर्चा-6 : नया चेहरा
एक और जहां प्रमुख दावेदारों की बात हो रही है वहीं चर्चा यह भी है कि कांग्रेस पार्टी किसी ऐसे चेहरे पर दांव खेल सकती है, जो चर्चा में ही नहीं है। नगर निगम दुर्ग में भी यही स्थिति बनी थी और वहां एकदम फ्रेश चेहरे को महापौर बना दिया गया था। भिलाई निगम में भी इसकी संभावना बन रही है। यदि ऐसा होता है तो भिलाई निगम का महापौर पटरी पार और वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के किसी वार्ड का पार्षद बन सकता है। बहरहाल सप्ताह भर का इंतजार है 6 जनवरी तक निगम की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।
TNS