तीरंदाज डेस्क। देश में कोरोना की तीसरी लहर में हालात चिंताजनक हो गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान देश में 2 लाख 47 हजार 417 नए मामले सामने आए हैं। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इनके कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कर्नाटक कांग्रेस ने ‘मेकेदातु’ पदयात्रा स्थगित करने का फैसला लिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक देश में बीते 24 घंटों के दौरान कुल 2 लाख 47 हजार 418 नए कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इस बीच देश में 84,825 लोग स्वस्थ भी हुए। देश में बीते 24 घंटों के दौरान 380 लोगों की मौत हो गई। देश में कोरोना की बढ़ती रफ्तार ने स्वास्थ्य मंत्रालय की चिंता बढ़ा दी है। आंकड़ों पर गौर करें तो तीसरी लहर में कोरोना की यह रफ्तार दूसरी लहर से भी ज्यादा बताई जा रही है। लगातार बढ़ रहे दैनिक मामलों के कारण सक्रिय मामलों की संख्या 11 लाख को पार कर गई है। देश में फिलहाल देश में 11 लाख 17 हजार 531 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।
एक दिन में बढ़े 52 हजार 697 मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा कोरोना के आंकड़ों पर गौर करें तो देश में बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को 52 हजार 697 मरीज बढ़ गए हैं। वहीं सक्रिय मामलों में भी 1 लाख 62 हजार से ज्यादा की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। एक दिन पहले देश में 1 लाख 94 हजार 720 नए केस सामने आए थे। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या 9 लाख 55 हजार के करीब थी। देश में 7 माह बाद सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 11 लाख के ऊपर पहुंचा है। बढ़ते कोराना के मामलों को देखते हुए देश भर में केन्द्र सरकार द्वारा एहतियात बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।