रायपुर। निकाय चुनाव में अप्रत्याशित सफलता के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने महापौर व अध्यक्ष की नियुक्तिके लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की दी है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक निकायों में पार्षदों का मन टटोलेंगे और अपना सुझाव आलाकमान को देंगे। इन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के साथ ही निकायों में महापौर व अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी आदेश के मुताबिक भिलाई नगर निगम के लिए गिरीश देवांगन और द्वारिकाधीश यादव को पर्यवेक्षक बनाया गया है। भिलाई चरौदा निगम में अटल श्रीवास्तव और विनोद चंद्राकर पर्यवेक्षक होंगे। रिसाली नगर निगम के लिए पर्यवेक्षक विकास उपाध्याय और सुदेश देशमुख को बनाया गया है। इसी प्रकार बीरगांव के लिए पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन, राजेन्द्र साहू व रवि घोष को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
जामुल व खैरागढ़ पालिका में अध्यक्ष बनाने की जुगत
प्रदेश कांग्रेस पार्टी ने जामुल व खैरागढ़ में भी अध्यक्ष बनाने की जुगत लगा ली है। कांग्रेस ने जामुल के लिए चंद्रशेखर शुक्ला को पर्यवेक्षक बनाया है। वहीं खैरागढ़ के लिए खैरागढ़ में दलेश्वर साहू व धर्मेंद्र यादव को पर्यवेक्षक बनाया है। इन दोनों निकायों में कांग्रेस को बहुमत नहीं है। जामुल में जहां कांग्रेस के 5 पार्षद हैं वहीं खैरागढ़ में दोनों दलों के बराबर पार्षद हैं। ऐसे में देखना होगा कि पर्यवेक्षक कैसे अपनी पार्टी का अध्यक्ष बनाते हैं। वैसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि सभी 15 निकायों में कांग्रेस के अध्यक्ष व महापौर होंगे।
इन्हें मिली अन्य निकायों की जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार बैंकुठपुर में पारसनाथ राजवाडे, शिवपुर चरचा में शैलेष पांडे, सारंगढ़ नगर पालिका के लिए रामकुमार यादव और प्रेमचंद जायसी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार प्रेम नगर पंचायत के लिए जेपी श्रीवास्तव, संदीप साहू, मारो के लिए प्रमोद दुबे और नरहरपुर के लिए संतराम नेताम को पर्यवेक्षक बनाया गया है। कोंटा के लिए नीना रावतिया, भैरमगढ़ के लिए रूकमणी कर्मा और अवधेश गौतम तथा भोपालपट्टनम के लिए यशवर्धन राव को पर्यवेक्षक बनाया गया है।