रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों से बादल छंटने लगे हैं। इससे अब अच्छी ठंड (Cold) पड़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग (Meteorological Department) का कहना है कि छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहेंगे। अब रात और दिन के तापमान में गिरावट का ट्रेंड आज से शुरू हो जाएगा। तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के साथ-साथ ठंड भी बढ़ने लगेगी। रायपुर समेत अधिकांश जगह पर अभी रात का तापमान सामान्य से तीन से आठ डिग्री तक अधिक है।
लालपुर मौसम केंद्र (Lalpur Meteorological Center) के अनुसार चक्रवाती तूफान जवाद ( Cyclone Jawad) निम्न दाब का क्षेत्र के रूप में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बंगलादेश में स्थित था। छत्तीसगढ़ से काफी दूर चले जाने के बावजूद समुद्र से अभी काफी मात्रा में नमी आ रही है। नमी के कारण ही कुछ जिलों में बादल छाए रहे। राजधानी रायपुर में दिन का तापमान 29.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य के बराबर है। सुबह हवा में नमी 81 फीसदी के आसपास थी। इस वजह से दिन में बादल रहे और तापमान ज्यादा नहीं बढ़ पाया।
तूफान के असर से बदला मौसम
मौसम विभाग के अनुसार तूफान के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मौसम में काफी बदलाव आया। रात का तापमान सभी जगह बढ़ गया, लेकिन दुर्ग में स्थिति दूसरी रही। रविवार को यहां रात का तापमान 12.2 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। 24 घंटे में यहां तापमान में 6.4 डिग्री की वृद्धि हो गई।
(TNS)