BHILAI: दुर्ग जिले के जामुल थाना इलाके से बड़ी खबर आ रही है। यहां सोमवार की देर रात हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ढांचा भवन कुरुद कॉलोनी में रहने वाले एक शख्स ने अपनी लाइसेंसी रायफल से हवाई फायरिंग की है। मिली जानकारी के अनुसार घटना का कारण बच्चों के बीच हुआ विवाद का ही कारण है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पालतू कुत्ते को एक बच्चे ने मार दिया तो दूसरे बच्चे ने इसका विरोध किया। बच्चों के झगड़े में परिजनों की एंट्री हो गई। एक ने अपनी लाइसेंसी रायफल से हवा में एक राउंड फायरिंग कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने कार्रवाई करना चालू कर दिया है। पुलिस ने रायफल जब्त कर आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई कर रही है।
जामुल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ढांचा भवन कॉलोनी में दो बच्चों के बीच कुत्ते को मारने को लेकर बहस हो गई और यह बहस विवाद में बदल गया। दोनों बच्चे आपस में झगड़ा कर रहे थे। इस बीच बच्चों के पिता मौके पर पहुंच गए और अब इन दोनों में ठन गई। दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार में इनमें से एक नंदू बघेल और दूसरा नागेंद्र सिंह है।
विवाद बढ़ने के बाद नागेंद्र सिंह अपने घर से रायफल उठा लाया और नंदू को डराने के लिए हवा में चला दी। फायरिंग के बाद आसपास हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को हुई तो तत्काल एक्शन लिया गया। जामुल थाने के निरीक्षक याकूब मेमन ने बताया कि घटना के बाद नागेंद्र सिंह को हिरासत में लेकर रायफल को जप्त कर लिया गया है। वहीं पुलिस इस मामले में प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है। साथ दोनों पक्षों से पूछताछ भी की जा रही है।