RAIPUR. पीएम आवास योजना के प्रभावितों के साथ विधानसभा घेराव करने के लिए भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली है। अभी तक भाजपा द्वारा प्रदर्शन स्थल की तलाश की जा रही थी, भाजपा की यह तलाश पूरी हो गई है। विधानसभा घेराव के लिए भाजपा के कार्यकर्ता पिरदा में एकत्रित होंगे। बता दें कि भाजपा के इस प्रदर्शन में पूरे प्रदेश के कार्यकर्ता शामिल होंगे। अपनी तैयारियों की कड़ी में आज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव और प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने स्थल का निरीक्षण किया है। मिली जानकारी के अनुसार पिरदा में आमसभा के बाद विधानसभा घेराव के लिए कार्यकर्ता निकलेंगे।
बता दें कि पीएम आवास को लेकर भाजपा 15 मार्च को विधानसभा का घेराव करने जा रही है। इसके लिए पार्टी के बड़े नेता रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। पार्टी इस दिन राजधानी रायपुर में एक लाख कार्यकर्ता और हितग्राही जुटाने की तैयारी में है। आज से ही राजधानी में कार्यकर्ताओं को जमावड़ा शुरू हो गया है। अभी तक सभा स्थल को लेकर प्रशासन के साथ भाजपा नेताओं की चर्चा चल रही थी। अभी तक प्रशासन की तरफ से सभा के लिए अनुमति नहीं दी गई थी, भाजपा विधानसभा के नजदीक ही पीएम आवास को लेकर सभा करना चाहती है।
भाजपा ने दावा किया है कि पार्टी 8 हजार से अधिक पंचायतों तक पहुंची है। 9 लाख परिवारों से मिलकर करीब 7 लाख से अधिक आवेदन एकत्र किए हैं। 15 मार्च को इन आवेदनों को मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। तमाम प्रकोष्ठों को आवास व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। सभी मोर्चों को कार्यकर्ता और हितग्राही को लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा मोर्चा को वॉल राइटिंग व नगर सज्जा की व्यवस्था करने कहा गया है। प्रदर्शन के लिए राजधानी में 8-10 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। चारों दिशाओं से राजधानी में कार्यकर्ता व हितग्राही पहुंचेंगे । जिसमें 60- 70 हजार हितग्राही शामिल होंगे और जबकि लगभग 30-40 हजार भाजपा कार्यकर्ता होंगे।
बता दें कि पिछले एक हफ्ते से विधानसभा घेराव करने के लिए पार्टी कार्यालय में बैठकों का दौर जारी है। शनिवार को नितिन नवीन, पवन साय, बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में एकत्रीकरण बैठक हुई। इससे पहले शुक्रवार को प्रकोष्ठों की बैठक हुई। इसमें सभी को अलग- अलग दायित्व दिए गए हैं।