रायपुर। छत्तीसगढ़ में मिशन-2023 की तैयारी में भारतीय जनता पार्टी जुट गई है। इसके लिए भाजपा की प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी आज रायपुर पहुंची। जानकारी के अनुसार पुरंदेश्वरी खैरागढ़ उपचुनाव सहित संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक होगी, जिसमें प्रदेश प्रभारी और जिलाध्यक्ष-महामंत्री शामिल होंगे। इस दौरान अगले साल होने वाले चुनाव पर भी चर्चा की संभावना है। रायपुर एयरपोर्ट में मोतीलाल साहू, श्रीचंद सुंदरानी, छगन मूंदड़ा, नवीन मारकंडे प्रीतेश गांधी और ललित जैसिंघ ने उनका स्वागत किया।
प्रदेश कार्यालय में होने वाले बैठक में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश सहप्रभारी नितिन नबीन भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले पुरंदेश्वरी संविधान निर्माण डा भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। रायपुर के कलेक्ट्रेट चौक स्थित डा. अंबेडकर की प्रतिमा के सामने माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। भाजपा ने बूथ स्तर पर साइबर विस्तारक नियुक्त करने की तैयारी शुरू की है। इसको लेकर राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में चर्चा की थी।
इसके साथ ही हर बूथ का लक्ष्य तय किया था। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में साइबर विस्तारक की नियुक्ति सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। भाजपा के आला पदाधिकारियों ने बताया कि आजीवन सदस्यता निधि अभियान में अब तक मिली राशि और जिलों की कार्ययोजना के बारे में भी चर्चा होगी। शिवप्रकाश और पुरंदेश्वरी दोपहर में प्रदेश कोर ग्रुप के पदाधिकारियों की बैठक लेंगी और शाम को दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
(TNS)