रायपुर। भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर मिली है। इस माह अभी तक लू नहीं चली है। वहीं, द्रोणिका के कारण दो दिशाओं ने आ रही हवाओं के कारण अप्रैल में कहीं भी लू नहीं चल रही है और गर्मी भी कम पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी समेत पेंड्रारोड, मुंगेली, बिलासपुर में तापमान 40 से लेकर 42 डिग्री तक है। आज बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सरगुजा व इससे लगे जिलों में मौसम खराब रहेगा। वहां बारिश हो सकती है।
लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में मंगलवार को तीन दिशाओं से हवा आ रही थी। उत्तर में उत्तर-पश्चिमी व दक्षिण छत्तीसगढ़ में दक्षिणी हवा आ रही थी। बुधवार को उत्तर में केवल उत्तरी व दक्षिण में दक्षिणी हवा आ रही है। द्रोणिका के असर से बादल भी छा रहे हैं। इसके कारण रायपुर समेत दूसरे इलाकों में दिन का तापमान कम हुआ है। बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री रहा, जो सामान्य रहा। पेंड्रारोड में दोपहर का तापमान 41.6 डिग्री था, जो बुधवार को घटकर 40.8 डिग्री पर आ गया। वहां जो लू के हालात थे, वह खत्म हो गया है।
रायपुर समेत माना व जगदलपुर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य है। वहीं बिलासपुर, पेंड्रारोड व अंबिकापुर में सामान्य से 1 से तीन डिग्री ज्यादा है। दुर्ग में दोपहर का तापमान सामान्य से एक डिग्री तक कम हो गया है। दूसरी ओर ज्यादातर जगहों पर रात का तापमान एक से छह डिग्री तक ज्यादा है। सर्वाधिक तापमान बिलासपुर में 42 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि सबसे कम तापमान जशपुर का 21.6 डिग्री रहा।
प्रदेश में आज कई स्थानों पर बारिश के आसार
मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक द्रोणिका दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक से पश्चिमी विदर्भ तक 0.9 किमी की ऊंचाई पर बनी है। इसके कारण प्रदेश में उत्तरी व दक्षिणी हवा आ रही है। इसके असर से आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। दिन व रात के तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
(TNS)