कोरबा। जिसके भरोसे से मरीज की जान बचती है। एक सूचना पर वह तत्काल वाहन लेकर पहुंच जाता है और सायरन की आवाज के साथ समय पर अस्पताल पहुंचा जाता है, उस दौरान वाहन चालक को मरीज के साथ परिजन दुआएं जरूर देते हैं। अगर वही किसी की जान का दुश्मन बन जाए तो फिर..
जी हां आज ऐसा ही हुआ है। एक एंबुलेंस चालक ने अपने कर्तव्य के प्रति बड़ी लापरवाही बरती है। वह नशे की हालत में एंबुलेंस चलाकर लोगों की जान से खेल गया। नशे की हालत में वाहन संभाल नहीं पाया और ठोकर मारकर कई लोगों को घायल कर दिया।
जानकारी अनुसार राजगामार मुख्य मार्ग पर एक एंबुलेंस चालक की लापरवाही से भाई-बहन बुरी तरह घायल हो गए हैं। साथ ही एक अन्य युवती की जिंदगी खतरे में पड़ गई है। पीड़ितों का उपचार कोरबा के जिला अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार एंबुलेंस चालक नशे की स्थिति में गाड़ी चला रहा था।
घायल शंकर नगर घरमोरा की निवासी वृंदा जायसवाल कोरबा के जिला अस्पताल में इलाज करवा रही हैं। जिला न्यायालय की लाइब्रेरी में कर्मचारी वृंदा आफिस से काम के बाद अपने भाई मनोज जायसवाल के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही निजी अस्पताल के एंबुलेंस चालक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। साथ ही हादसे में एक और युवती को गंभीर चोटें आईं हैं, जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार एंबुलेंस चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ है। हालांकि पीड़ित पक्ष ने इस मामले को लेकर रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है। मामले में अब तक पुलिस तक शिकायत नहीं पहुंची है।
(TNS)