भिलाई। शहर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल के नए भवन का निर्माण हो रहा है। फरीद नगर मैदान में बन रहे इस नए स्कूल कैंपस को एक आदर्श के तौर पर बनाया जा रहा है। एक कैंपस में अलग-अलग चार निर्माण हो रहे हैं। शुक्रवार को वार्ड-7 के पार्षद व भिलाई निगम की एमआईसी में शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रभारी आदित्य सिंह ने फरीद नगर मैदान में बन रहे उक्त स्कूल के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और निर्माण कार्य की जानकारी ली। वहीं स्कूल को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
आदित्य सिंह ने बताया कि फरीद नगर में बन रहे स्कूल भवन की कुल लागत 2 करोड़ रुपए है। एक ही कैंप में चार निर्माण कार्य हो रहे हैं। यहां पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। आदित्य सिंह ने बताया कि कैंपस में 75 लाख रुपए की लागत से स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है। एक सामुदायिक भवन जो कैंपस में हैं उसे भी रिनोवेट कर 25 लाख की लागत से साइंस लैब बनाई जा रही है। वहीं स्कूल में 55 लाख की लागत से एक छात्रावास का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा 45 लाख रुपए खेल के मैदान व बाउंड्रीवॉल के लिए खर्च किए जाएंगे।
9 माह में पूरा होगा निर्माण कार्य
आदित्य सिंह ने बताया कि स्कूल का निर्माण कार्य आगामी 9 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। निर्माण एजेंसी ने तय समय में कार्य पूरा करने की बात कही है। स्कूल निर्माण कार्य देखने पहुंचे आदित्य सिंह ने स्कूल कैंपस को लेकर अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने बताया कि कैसे नई चीजों को सही कर सकते हैं। आदित्य सिंह ने कहा है कि भिलाई निगम में एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है और सीएम बघेल के विकास के विजन को पूरा करना ही हमारा लक्ष्य है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बार फिर प्रदेश के युवाओं को यह संदेश दे दिया कि उनकी सरकार युवाओं की सरकार है, हर उचित स्थान पर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का काम इस सरकार में हो रहा है।