BHILAI. कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाला जा रही है। राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पद यात्रा के माध्यम से विभिन्न राज्यों के अनेक शहरों का भ्रमण कर रहे है। इसी तारतम्य में कई राज्यों और उनके शहरों में भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली जा रही है। वहीं सोमवार को सुबह भिलाई के खुर्सीपार से कांग्रेस जनों द्वारा ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली गई।
इसमें भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव, भिलाई के महापौर नीरज पाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तुलसी पटेल, भिलाई नगर निगम के लोककर्म प्रभारी एकांश बंछोर सहित विभिन्न पार्षद और खुर्सीपार क्षेत्र के दर्जन भर से अधिक वार्डों के नागरिक भी उपस्थित रहे।
यात्रा आरंभ होने से पहले खुर्सीपार स्थित भगवान शिव के मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। पूजा-अर्चना के बाद एकजुट होकर कांग्रेसियों ने यात्रा निकाली। यात्रा खुर्सीपार के विभिन्न प्रमुख इलाकों, चौक, चौराहों का भ्रमण करने के बाद नव निर्मित डोम शेड में समापन हुआ। यात्रा खत्म होने से पहले कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं और खुर्सीपार वासियों को संबोधित भी किया। पूरी यात्रा के दौरान कांग्रेस जन हाथों में तिरंगा लिए हुए निकले।
गौरतलब है कि भिलाई जिला कांग्रेस द्वारा लगातार कई दिनों से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली जा रही है। जिले के अलग-अलग ब्लॉक कांग्रेस द्वारा शहर और ब्लॉकों के अंतर्गत आने वाले इलाकों से भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यहां हम कांग्रेस जनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और भिलाई की जनता तक भारत जोड़ो यात्रा के बारे में अवगत कराना चाहते है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा अभी कुछ और जगहों से भी निकाली जाएगी।