DURG NEWS. आज के प्रतिस्पर्धी दौर में किताबी ज्ञान के साथ-साथ मानसिक सेहत और डिजिटल सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। इसी उद्देश्य के साथ विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) दुर्ग द्वारा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश के० विनोद कुजूर के मार्गदर्शन और सचिव उमेश कुमार भागवतकर के समन्वय में हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानून, अधिकारों और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश यशवंत कुमार सारथी और अष्टम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पुरुषोत्तम सिंह मरकाम ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनके सवालों के सहजता से जवाब दिए।
मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा: ‘चुप्पी नहीं, संवाद है समाधान’
जजों ने विद्यार्थियों को समझाया कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही मानसिक स्वास्थ्य भी बेहद महत्वपूर्ण है। पढ़ाई का दबाव, परीक्षा का डर या कोई भी व्यक्तिगत परेशानी होने पर उसे छिपाने के बजाय परिवार या दोस्तों से साझा करना चाहिए। इस दौरान विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम, 2017 के प्रावधानों और NALSA Scheme, 2024 (मानसिक बीमारी और बौद्धिक दिव्यांगता से प्रभावित व्यक्तियों के लिए विधिक सेवाएं) के बारे में बताया गया, ताकि वे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े अपने अधिकारों को समझ सकें।

डिजिटल ठगी से बचाव के टिप्स
ऑनलाइन पढ़ाई और डिजिटल लेनदेन के इस दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, फर्जी संदेशों से बचने और ऑनलाइन शॉपिंग में होने वाली ठगी को लेकर सतर्क किया गया। सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की जानकारी देते हुए उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि वे कभी भी अपना OTP और बैंक से जुड़ी निजी जानकारी किसी से साझा न करें।

शिक्षा का अधिकार और करियर निर्माण
शिक्षा सिर्फ स्कूल तक सीमित नहीं है, यह बच्चों के सपनों की उड़ान का रास्ता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE), 2009 और NALSA SHIKSHA SCHEME, 2026 की जानकारी दी गई। संवाद सत्र के दौरान न्यायाधीशों ने बच्चों को अनुशासन, कड़ी मेहनत और सही लक्ष्य निर्धारण के जरिए बेहतर करियर बनाने का मार्गदर्शन भी दिया।
पटाखों पर बैन लगेगा या नहीं? सुप्रीम कोर्ट ने कही बड़ी बात, धार्मिक भावनाओं और प्रदूषण पर छिड़ी बहस
गांव-गांव तक पहुंचा जागरूकता का संदेश
DLSA दुर्ग की यह पहल केवल स्कूल तक सीमित नहीं रही। पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLVs) के माध्यम से जिले के विभिन्न गांवों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। बच्चों, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील होने और साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए।
प्राधिकरण की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की कानूनी मदद की आवश्यकता होने पर वे निःशुल्क विधिक सहायता के लिए NALSA की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर सकते हैं।








































