RAIPUR. चुनाव आते ही एक बार फिर सियासत गरमाने लगी है। ताजा मामला भाजपा के ट्वीट का है। दरअसल भाजपा ने ट्वीट किया ‘राजनांदगांव या जिहादगांव चुनाव आपका है’। इसके बाद से राजनीति गर्म हो गई है। अब कई नेता इस ट्वीट को लेकर अपने-अपने तर्क दे रहे हैं।
दरअसल लोकसभा चुनाव को लेकर देश में इन दिनों कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। छत्तीसगढ़ में दोनों ही राजनीतिक दलों ने पहली लिस्ट जारी कर दी है। जिसमें कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनंदगांव से अपना प्रत्याशी बनाया है। इसी को लेकर भाजपा ने ट्वीट किया है। राजनांदगांव या जिहादगांव, चुनाव आपका है। इतना ही नहीं इस ट्वीट के साथ भूपेश बघेल को जिहादी गिरोह का झंडा लिए दिखाया गया है।
अब इस मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही तरफ से नेताओं के बयान आने शुरू हो गए हैं। BJP के ट्वीट पर पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कहा ‘BJP जाति और धर्म के नाम पर लड़ाना चाहती है’। BJP चुनाव के समय अनर्गल आरोप लगाती है। BJP के पास जनता के मुद्दे नहीं हैं।
वहीं राजनांदगांव या जिहादगांव, चुनाव आपका है ….भाजपा के इस कार्टून पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पिछली बार जैसी सरकार चली है, उनके मुखिया जहां भी होंगे ऐसा ही सोचा जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते कहना चाहता हूं की सरकार पिछली बार जैसी चली है जनता ने जैसी पीड़ा झेली है। समाज में जैसे विभेद उत्पन्न हुए हैं । आज अगर उनके मुखिया राजनांदगांव लोकसभा से प्रत्याशी है तो कोशिश उनकी वही रहेगी ऐसा लगता है।
बहरहाल यह चुनाव है भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर तो जारी ही रहेगा लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भाजपा ने निशाने पर लेकर यह दिखा दिया है कि कांग्रेस के लिए इस बार भी लोकसभा का चुनाव जीतना आसान नहीं होगा।